मोती बाग रैबासा होम स्टे सैर सलीका पुरस्कार के लिए चयनित

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल। गढ़वाल विश्वविद्यालय के पर्वतीय पर्यटन एवं आतिथ्य अध्ययन केंद्र द्वारा जिम्मेदार पर्यटन के लिए संचालित सैर सलीका अभियान के अंतर्गत इस वर्ष पौड़ी के सांगुड़ा, मुण्डनेश्वर स्थित मोती बाग रैबासा होम स्टे को सैर सलीका पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। मोती बाग पर आधारित डॉक्यूमेंट्री को पूर्व में ऑस्कर के लिए नामित किया गया था। मोतीबाग उत्तराखंड के श्रमशील किसान विद्या दत्त शर्मा द्वारा संचालित है और वहीं उनके प्रेरक बाग में पहाड़ी शैली में निर्मित होम स्टे मोतीबाग रैबासा पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। स्थानीय वास्तुशिल्प के साथ स्थानीय भोजन और मोती बाग में उगाई जाने वाली सब्जियां तथा जैविक उत्पाद होमस्टे के मुख्य आकर्षण हैं। सैर सलीका पुरस्कार के अंतर्गत प्रकृति पर्यावरण पर्यटन के लिए कार्य कर रहे लोकप्रिय साइकिलिंग समूह पहाड़ी पैडलर्स, बडी हाईकर्स के संस्थापक राकेश सिंह सजवान और राष्ट्रीय सेवा योजना माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल के समन्वयक पुष्कर सिंह नेगी को सैर सलीका पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार पर्यटन के क्षेत्र में स्वच्छ पर्यटन और जिम्मेदार पर्यटन में नवाचार के लिए प्रदान किया जाता है। पहाड़ी पैडलर्स समूह प्रदेश में साइकिलिंग पर्यटन के साथ प्रकृति संस्कृति पर्यटन को बढ़ावा दे रहा है। समूह में दस वर्ष से सत्तर वर्ष तक के लगभग दो सौ सदस्य हैं। पुष्कर सिंह नेगी माध्यमिक शिक्षा में राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत सैर सलीका अभियान संचालित कर रहे हैं। उन्हें इस वर्ष राज्य सरकार द्वारा शैलेश मटियानी पुरस्कार दिया गया है। राकेश सिंह सजवान साहसिक यात्राओं और ट्रेकिंग अभियानों में स्वच्छता अभियान संचालित कर जिम्मेदार पर्यटन के लिए प्रेरित कर रहे हैं। पिछले वर्ष ये पुरस्कार पर्यटक गाइड्स को दिए गए थे। सैर सलीका कार्यक्रमों के संयोजक डॉ. कुलदीप वर्मा और जुनैद केसी ने बताया कि पुरस्कार गढ़वाल विश्वविद्यालय में आयोजित पर्यटन दिवस पर कार्यक्रम में प्रदान किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *