जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर डटे डिप्लोमा इंजीनियरों को पर्वतीय ठेकेदार संघ ने अपना समर्थन दिया है। कहा कि सरकार को मांगों के निराकरण के लिए गंभीरता से कार्य करना चाहिए।
मालूम हो कि वेतन बढ़ोत्तरी, पुरानी पेंशन बहाली सहित 27 मांगों को लेकर डिप्लोमा इंजीनियर पिछले कई दिनों से हड़ताल पर डटे हुए हैं। इंजीनियर लगातार शासन से अपनी समस्याओं के निराकरण की मांग उठा रहे हैं। मंगलवार को भी जिलाध्यक्ष कौशिद अली के नेतृत्व में डिप्लोमा इंजीनियर ने सिंचाई विभाग निरीक्षण भवन के परिसर में धरना दिया। इस दौरान पर्वतीय ठेकेदार संघ के अध्यक्ष देवेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में ठेकेदारों ने इंजीनियर को अपना समर्थन दिया। कहा कि वर्तमान में डिप्लोमा इंजीनियरों की हड़ताल के चलते विकास कार्य बाधित है, जो निर्माण हो चुके है, उनका भुगतान भी नहीं हो रहा है। उन्होंने डिप्लोमा इंजीनियरों की मांगों को जायज ठहराया। कहा कि शासन-प्रशासन को डिप्लोमा इंजीनियरों की जायज मांगों को मान देना चाहिए। डिप्लोमा इंजीनियरों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही नहीं हो जाती तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर संगठन के उपाध्यक्ष किशोर लखेड़ा, दलीप बेबनी, कपिल कुमार, चंद्रमोहन नेगी, दिनेश रावत, गौरव रावत, राजेंद्र असवाल, जयप्रकाश रावत, अनिल नेगी सहित विभिन्न विभागों के डिप्लोमा इंजीनियर मौजूद रहे।