कोटद्वार बाजार में लगातार बढ़ रही बुरांस व माल्टे के जूस की डिमांड
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का पारा लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में पहाड़ का बुरांस व माल्टे का जूस लोगों के शरीर में ताजगी घोल रहा है। कोटद्वार बाजार में भी बुरांस व माल्टे के जूस की डिमांड लगातार बढ़ रही है। बाजार में किफायती दरों पर बुरांस व माल्टे का जूस उपलब्ध है। गर्मी में बढ़ी डिमांड से पहाड़ की महिला समूह को भी बेहतर रोजगार उपलब्ध हो रहा है।
मार्च व अप्रैल माह में पर्वतीय क्षेत्रों में औषधीय गुणों से भरपूर बुरांस का फूल आकार लेता है। ऊंचाई क्षेत्र में खिलने वाले इन फूल से पहाड़ की महिलाएं जूस तैयार कर आसपास के बाजार तक पहुंचाती हैं। वर्तमान में मैदानी क्षेत्रों में लगातार गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। ऐसे में इस बार बुरांस व माल्टे के जूस की डिमांड भी अधिक बढ़ गई है। पहाड़ घूमने वाले पर्यटक भी बुरांस व माल्टे के जूस को खूब पसंद कर रहे हैं। बदरीनाथ मार्ग में माल्टा व बुरांस का जूस बेचने वाले राजेंद्र सिंह ने बताया कि इस वर्ष गर्मी के कारण डिमांड अधिक आ रही है। कई प्रवासी पूर्व में ही अपना आर्डर दे रहे हैं। बाजार में एक लीटर से लेकर पांच लीटर तक की जूस की बोतल उपलब्ध है। पहाड़ में तैयार आंवले का जूस भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है।
लाभदायक है बुरांस
बुरांस का जूस एक बहुत ही अच्छा एंटीआक्सीडेंट है जो त्वचा के लिए सबसे बेहतर है। बुरांस के फूलों से जैम, जूस व चटनी भी तैयार की जाती है। बुरांस में विटामिन सी होता है। यह सर्दी जुकाम के अलाव त्वचा व बालों के लिए भी लाभदायक है। गर्मी में बुरांस का जूस पीते ही शरीर में ताजगी आ जाती है। गढ़वाल से दिल्ली के लिए भी बुरांस का जूस सप्लाई हो रहा है।