पानी के टैंक मिला कीचड़ और मलबा

Spread the love

चमोली : ब्लॉक के ग्राम पंचायत डिम्मर के टटासू, विद्यापीठ आवासीय बस्ती में अनियमित पेयजल आपूर्ति बनी हुई है। मंगलवार को जब ग्रामीणों ने फीटर के साथ लाइन और टैंक का निरीक्षण किया तो इसमें मलबा और कीचड़ जमा मिला। आनन-फानन में विभाग ने टैंक की सफाई के लिए यहां दो श्रमिक भेजे। इसके बाद ग्रामीणों ने फीटर और दो श्रमिकों की मदद से टैंक की सफाई की। टटासू, विद्यापीठ के 50 से अधिक परिवार बीते 20 दिनों से अनियमित पेयजल आपूर्ति झेल रहे हैं। उपभोक्ता रविंद्र खंडूड़ी, संतोष डिमरी, पवन डिमरी, हरीश डिमरी आदि ने बताया कि कई बार जल संस्थान के अधिकारियों से पेयजल आपूर्ति सुचारु करने की मांग कर चुके हैं लेकिन कोई प्रयास नहीं हुए। ऐसे में मंगलवार को उपभोक्ता विभागीय पीटीसी फीटर को साथ लेकर टटासू गदेरे पर पहुंचे और स्रोत पर बने पेयजल टैंक का निरीक्षण किया। टैंक में देखा तो यहां लंबे समय से सफाई नहीं होने से मलबा और कीचड़ जमा मिला। उपभोक्ताओं ने इस पर नाराजगी जताई तो विभाग ने टैंक की सफाई के लिए तुरंत दो श्रमिक भेज दिए। इसके बाद ग्रामीणों एवं श्रमिकों ने मिलकर टैंक की सफाई की। ग्राम प्रधान विनिता डिमरी ने कहा कि सफाई नहीं होने से दूषित पानी की आपूर्ति हो रही थी। वहीं जल संस्थान के अवर अभियंता आशीष बत्र्वाल ने बताया कि उन्होंने पीटीसी फीटर के साथ दो मजदूरों को भी पेयजल टैंक की सफाई के लिए भेजा है। सफाई होने के बाद अब साफ पानी की आपूर्ति होगी। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *