नई दिल्ली , रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की मां कोकिलाबेन अंबानी को आपातकालीन स्थिति में एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार उन्हें एयरलिफ्ट करके अस्पताल पहुंचाया गया।
91 वर्षीय कोकिलाबेन अंबानी उम्र संबंधी बीमारियों के कारण अस्पताल में भर्ती हैं और वरिष्ठ डॉक्टरों की देखरेख में हैं। उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है और अंबानी परिवार ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। उनके अस्पताल में भर्ती होने के तुरंत बाद मुकेश अंबानी को कलिना हवाई अड्डे पर पहुंचते और अस्पताल जाते देखा गया। दिवंगत उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के संस्थापक धीरूभाई अंबानी की पत्नी कोकिलाबेन का जन्म 24 फरवरी, 1934 को गुजरात के जामनगर में हुआ था। कोकिलाबेन ने भारत के आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन के दशकों में परिवार के पालन-पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।