मेरुड़ा न्याय पंचायत में लगा बहुउद्देश्यीय शिविर, 44 शिकायतें दर्ज

Spread the love

अपर सचिव पंचायतीराज ने सुनी स्थानीय लोगों की समस्याएं
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत विकासखंड जयहरीखाल की न्याय पंचायत मेरुड़ा में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 537 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 44 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं 251 लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया।
गुरुवार को आयोजित शिविर में अपर सचिव पंचायतीराज श्याम सिंह ने प्रतिभाग कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कई मामलों का मौके पर समाधान करते हुए शेष शिकायतों के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अपर सचिव ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं और सेवाओं को सीधे लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कहा कि ऐसे शिविरों से आमजन को योजनाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है। उन्होंने अधिकारियों से अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया। शिविर में 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां मौके पर ही विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रणवीर सजवाण, ज्येष्ठ उप प्रमुख सुरेन्द्र नेगी, एसडीओ कालागढ़ टाइगर रिजर्व लैंसडाउन शिप्रा वर्मा, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक कुमार, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी लैंसडाउन बीरेंद्र भट्ट, जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, खंड विकास अधिकारी रवि सैनी, ग्राम प्रधान मेरुड़ा सुनीता देवी सहित अन्य विभागों के अधिकारियों और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *