ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान: न्याय पंचायत के गंगा भोगपुर में लगा बहुउद्देशीय शिविर

Spread the love

शिविर में 68 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशासन गांव की ओर अभियान का शुभारंभ हो गया है। इस अवसर पर विकासखंड यमकेश्वर की न्याय पंचायत किमसार के गंगा भोगपुर में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविरों से ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण हो सकेगा। कहा कि शिविर में दर्ज सभी शिकायतों का संबंधित अधिकारी द्वारा समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
प्रभारी जिलाधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा 68 शिकायतें दर्ज करायीं गयीं, जिसमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। प्रभारी जिलाधिकारी श्री गुणवंत ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दर्ज सभी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनपद के 15 विकासखंडों की 115 न्याय पंचायतों में 18 मार्च 2026 तक “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा रोस्टर तैयार कर लिया गया है, जिसके तहत जनपद में चरणबद्ध रूप से बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी की जा चुकी है। उन्होंने खाता-खतौनी में नाम सुधार, भूमि संबंधी विवाद आदि शिकायतों की अधिकता को देखते हुए राजस्व विभाग को शनिवार को इस क्षेत्र में विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य बचन सिंह बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख यमकेश्वर सीता चौहान, ग्राम प्रधान किमसार बबीता देवी, उप जिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, वन्य जीव प्रतिपालक राजाजी नेशनल पार्क चित्रांजलि नेगी, नोडल अधिकारी/अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला पंचायत भावना रावत, खंड विकास अधिकारी आकाश बेलवाल, तहसीलदार वैभव जोशी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

शिविर में दो बच्चों का कराया अन्नप्राशन
बहुउद्देशीय शिविर में राजस्व, पंचायती राज, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, कृषि, उद्यान, श्रम, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, विद्युत, वन, चिकित्सा, होम्योपैथिक एवं आयुर्वेदिक सहित कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए। विभागों द्वारा स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की जनोपयोगी योजनाओं तथा उनमें आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी दी गयी। बाल विकास विभाग के स्टॉल पर 02 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार एवं 01 महिला की गोद भराई संस्कार कार्यक्रम संपन्न कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *