देवलाणी मैदान में 25 फरवरी को लगेगा बहुउद्देशीय शिविर

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में तहसील बसुकेदार के देवलाणी मैदान (बक्सीर) में आगामी 25 फरवरी को बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया जायेगा। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी मिलेगी और समस्याओं का समाधान होगा।
इस शिविर में जनपद के समस्त विभागों द्वारा प्रतिभाग करते हुए अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं, कार्यक्रमों एवं सेवाओं की विस्तृत जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का मौके पर ही लाभ प्रदान किया जाएगा। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टाल एवं प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जहां विभागीय कार्मिकों द्वारा स्थानीय जनमानस को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा लोगों की समस्याओं को सुना एवं मौके पर ही उनका निराकरण किया जाएगा। यह शिविर विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा, जहां उन्हें विभिन्न विभागों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर सभी सेवाएं उपलब्ध होंगी। जिलाधिकारी ने क्षेत्र वासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा अपनी समस्याओं का समाधान कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *