-पुलिस ने व्यक्ति और उसकी पत्नी व बेटे के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज
जयन्त प्रतिनिधि
कोटद्वार : मुम्बई के रहने वाले एक परिवार ने कोटद्वार की महिला से ऋण दिलाने के नाम पर साढ़े दस लाख रुपये की ठगी कर दी। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी व्यक्ति और उसकी पत्नी व बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार चरेखा इंडिया प्रा.लि. कोटद्वार की निदेशक डॉ. माधुरी डबराल ने अपनी शिकायत में बताया कि मुम्बई निवासी जितेंद्र कुमार, उसकी पत्नी अनिता व बेटे सिद्धार्थ ने उन्हें स्टार्टअप के लिए साढ़े पांच करोड़ रुपये का ऋण आठ प्रतिशत वार्षिक ब्याज की दर पर दिलवाने की बात कही। वह आरोपियों की बातों में आ गईं और विभिन्न शुल्क के नाम पर आरोपियों को साढ़े दस लाख रुपये दे दिए। जब काफी समय तक ऋण स्वीकृत नहीं हुआ तो उन्हें शक हुआ और उन्होंने आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे। लेकिन आरोपियों ने पैसे देने से मना कर दिया और माधुरी को जान से मारने की धमकी देने लगे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।