मुंबई, एजेंसी। मुंबई के साकीनाका इलाके में दुष्कर्म की शिकार हुई पीड़िता की आज इलाज के दौरान मौत हो गई। 32 साल की दुष्कर्म पीड़िता का इलाज घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल में चल रहा था। अस्पताल प्रशासन ने भी पीड़िता की मौत की पुष्टि कर दी है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया । कोर्ट ने 21 सितंबर तक उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
यह वारदात शुक्रवार को मुंबई के साकी नाका इलाके में हुई। यहां खैरानी रोड पर एक 32 वर्षीय महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और बाद आरोपी ने उसके प्राइवेट पार्ट में रड डालकर दरिंद्गी की। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया था। जहां उसने शनिवार को दम तोड़ दिया।
इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्घव ठाकरे ने मुंबई के साकीनाका में एक महिला के साथ दुष्कर्म और हत्या को मानवता पर धब्बा करार दिया है। उन्होंने मामले में फास्ट ट्रैक सुनवाई का वादा किया। उन्होंने शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक में कल से मामले में विशेष सरकारी अभियोजकों की नियुक्ति कर कोर्ट केस तैयार करने के स्पष्ट निर्देश दिए। मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से यह जानकारी दी गई।
सचिवालय के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने पुलिस को और अधिक सतर्क रहने और महिलाओं की सुरक्षा के उपाय करने के भी निर्देश दिए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि मुंबई की एक सुरक्षित शहर के रूप में उसकी छवि पर कोई आंच न आए। ठाकरे ने शनिवार को कहा कि अपराधी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। मामले की सुनवाई तेजी से होगी और पीड़िता को न्याय मिलेगा।
महिला आयोग ने स्वतरू संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने वीडियो ट्वीट कर कहा कि अगर आज शाम तक मामले में कोई प्रगति नहीं हुई तो दिल्ली से महिला आयोग की एक सदस्य को रवाना किया जाएगा साथ ही पीड़ित परिवार की मदद की जाएगी।