नगर निगम प्रशासन ने पटेल मार्ग से हटाए खोखे

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: नगर निगम ने शहर की सड़कों पर फैले अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को नगर निगम ने पटेल मार्ग में नाली के बाहर लगे दो खोखो को ध्वत किया। इस दौरान खोखा संचालकों ने नगर निगम की कार्रवाई का विरोध भी किया।
शुक्रवार शाम नगर निगम भारी पुलिस फोर्स के साथ पटेल मार्ग में नाले के बाहर लगे दो खोखो को ध्वस्त करने पहुंचा। जैसे ही खोखो पर निगम की जेसीबी चली मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। खोखा संचालकों ने निगम की कार्यप्रणाली का विरोध किया। कहा कि नगर निगम को उन्हें खोखा हटाने के लिए समय देना चाहिए। लेकिन, नगर निगम ने खोखा स्वामियों की एक न सुनी और जेसीबी से दोनों को ध्वस्त कर दिया। नगर आयुक्त किशन सिंह नेगी ने बताया कि नगर निगम की ओर से शहर की सड़कों पर फैले अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पटेल मार्ग में नाले के बाहर लगे खोखों को हटाने के लिए नोटिस भी जारी किया गया था। बावजूद इसके खोखों को नहीं हटाया गया। जिसके बाद निगम को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करनी पड़ी। कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी रहेगा।

पॉलीथिन के खिलाफ चलाया अभियान
केंद्र व प्रदेश सरकार के आदेश पर नगर निगम ने शहर में पॉलीथिन व सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने पॉलीथिन का उपयोग करने वाले आधे दर्जन से अधिक व्यापारियों के चालान भी काटे। नगर आयुक्त ने बताया कि शहर को पॉलीथिन व प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए बकायदा निगम की एक टीम भी गठित की गई है। पॉलीथिन के उपयोग को रोकने के लिए जन जागरूकता अभियान भी चलाया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *