लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करें : पालिकाध्यक्ष

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : मंगलवार को नगर पालिका सभागार में हुई पालिका बोर्ड बैठक में पिछली बैठक में तय कार्यों के पूरे न होने पर सभासदों ने नाराजगी जताई। बैठक मेें सिलेथ में बनाई गई पालिका की गोशाला को सुचारू करने, शहर में स्ट्रीट लाइटों से लेकर नियमित सफाई, बिजली पोल लगाएं जाने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। पालिकाध्यक्ष ने अफसरों को निर्देश दिए कि लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए और सफाई व्यवस्था में सुधार लाया जाए। बताया कि आपदा के टूटे पुश्ता नालियों को भी जल्द ठीक किया जा रहा है।
पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सदस्यों ने कहा कि पुराने काम शुरू नहीं हो पा रहे हैं। जिस पर पालिकाध्यक्ष ने कहा कि सभी कामों को गुणवत्ता के साथ शुरू किया जा रहा है। इस बीच बारिश के कारण काम शुरू नहीं हो पाए। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि 11 वार्डों में करीब 8 करोड़ के 41 काम होने हैं। इनमें तेजी लाई जा रही है। इसी के साथ सफाई व्यवस्था पर कहा कि मैन पॉवर की कमी भी सामने आ रही है उचित प्रबंधन कर इसे भी ठीक किया जा रहा है। सभासदों ने शहर में बढ़ते लावारिस पशुओं की समस्या पर चिंता जताई और सिलेथ गौ सदन को शुरू करने के लिए कहा। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि यहां सोलर लाइट लगाई जा रही है। दो सप्ताह के भीतर इसे शुरू किया जाएगा। बैठक में प्रभारी ईओ गायत्री बिष्ट, सभाषद सूरज बिष्ट, अरविन्द रावत, शूभम रावत, सुमन, बृजमोहन, सुमित्रा, संगीता रावत, प्रदीप असवाल, युद्धवीर सिंह, रेखा चौहान, गौरव सागर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *