जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में ठंड का प्रकोप लगातर बढ़ता जा रहा है। पिछले चार दिन से शहर ने कोहरे की चादर ओढ़ी हुई है। ऐसे में नगर निगम ने भी शहर में अलाव की व्यवस्था करनी शुरु कर दी है। शहर में तीन स्थानों पर अलाव जलाया जा रहा है।
पिछले एक सप्ताह से तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। तीन दिन से शहर में कोहरा छाया हुआ है। शनिवार सुबह भी शहर ने कोहरे की चादर ओढ़ी हुई थी। पूरे दिन धूप के दर्शन तक नहीं हुए। ठंड से बचाव के लिए लोगों ने हीटर व अलाव का सहारा लिया। बेसहारा लोगों को राहत पहुंचाने के लिए भी नगर निगम ने स्टेशन रोड, झंडाचौक व लालबत्ती चौराह के समीप अलाव की व्यवस्था की। इससे स्टेशन में रात के समय पहुंचने वाले यात्रियों को भी काफी राहत मिली। वहीं, भाबर क्षेत्र के लोग अब भी निगम के अलाव का इंतजार कर रहे हैं। नगर आयुक्त पीएल शाह ने बताया कि से शहर के तीन स्थानों पर अलाव जलाया गया है। जल्द ही भाबर क्षेत्र में भी अलाव की व्यवस्था की जाएगी।