हल्द्वानी। बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं नगर निगम के लिए बारिश परेशानी का कारण बन गई है। कूड़ा निस्तारण को ट्रंचिंग ग्राउंड में लगाया गया लिगेसी प्लांट ठप हो गया। ऐसे में निर्धारित समय में यहां जमा कूड़े का निस्तारण होना मुश्किल हो गया है। गौलापार के ट्रंचिंग ग्राउंड में लगा कूड़े का ढेर स्थानीय लोगों की परेशानी का कारण बना रहता है। इसके निस्तारण को नगर निगम ने यहां लिगेसी प्लांट लगाया है। प्लांट के माध्यम से छह माह में जमा कूड़े के निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया है। वहीं अब बारिश का मौसम शुरू होने से तय समय में काम पूरा होना मुश्किल हो गया है। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि बारिश के कारण प्लांट प्रभावित हो रहा है। मौसम ठीक होते ही कूड़े का निस्तारण शुरू कर दिया जाएगा।