नगर पंचायत ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया

Spread the love

नैनीताल। नगर और आसपास अतिक्रमण के कारण हो रहे सड़क हादसों को लेकर पुलिस प्रशासन और नगर पंचायत ने बैठक करने के बाद मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान दो दर्जन से अधिक व्यापारियों का चालान किया गया। पिछले एक सप्ताह में लालकुआं और डिपो पांच के पास सड़क हादसों में छह लोगों की मौत हो चुकी है। इन हादसों की एक वजह अतिक्रमण सामने आयी है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर कोतवाली में दोपहर नगर पंचायत के अधिकारियों और कोतवाली पुलिस ने व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों के साथ बैठक की। इसमें में मुख्य बाज़ार के आगे अतिक्रमण हटाकर मार्ग को अवरोधमुक्त करने का निर्णय लिया गया। साथ ही गौला- लालकुआं मार्ग में टुक-टुक वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करते हुए पूर्व की भांति खड़े करने को निर्धारित स्थान निश्चित करने का निर्णय लिया गया। तय हुआ कि नदी से उपखनिज लेकर निकलने वाले वाहनों को प्रात: 10 बजे बाद लालकुआं से गौला रोड की तरफ जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके बाद करीब 24 अतिक्रमण हटाने के लिए व्यापारियों को नोटिस दिए गए। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष लाल चंद्र सिंह, कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार, अधिशासी अधिकारी राजू नबियाल, व्यापार मंडल के अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, आशीष भाटिया, दिनेश लोहनी, बॉबी सम्बल, योगेश उपाध्याय, सुंदर खुराना, हफीज अहमद, महेश भट्ट, दीपक बत्रा और राजकुमार सेतिया आदि मौजूद रहे।
दो दर्जन अतिक्रमण हटाने को नोटिस
पुलिस प्रशासन और नगर पंचायत ने मंगलवार शाम नगर पंचायत कार्यालय से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया जो कि मुख्य बाजार और गौला रोड तक चला। इस दौरान पुलिस एवं नगर पंचायत ने दो दर्जन से अधिक लोगों के चालान किए। व्यापारियों को सख्त हिदायत दी गई कि नाली से आगे किसी भी हालत में अतिक्रमण न हो। इस दौरान कोतवाल सुधीर कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *