नैनीझील लबालब भरी, बलियानाला में अलर्ट

Spread the love

नैनीताल। नैनीताल में लगातार हो रही बारिश के कारण नैनीझील फिर से लबालब भर गई है। बीते 24 घंटे में 78 एमएम बारिश दर्ज हुई है। इसके बाद झील का जलस्तर शुक्रवार को 11 फीट साढ़े छह इंच पर पहुंच गया है। जैसे ही झील का जलस्तर 12 फीट को छुएगा, नैनीझील के ऑटोमैटिक हाइड्रोलिक गेट खुद ही खुल जाएंगे। इससे झील का तीन इंच पानी बलियानाले में चला जाएगा। ऐसे में सिंचाई विभाग ने बलियानाला के आसपास रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट घोषित कर दिया है। सिंचाई विभाग के अवर अभियंता नीरज तिवारी ने बताया कि झील का जलस्तर 12 फीट आते ही ऑटोमैटिक सिस्टम के जरिए पानी की निकासी होगी। इसलिए बलियानाला में पानी जाने से पहले ही आसपास रहने वाले लोगों को अलर्ट किया गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने जल संस्थान से पेयजल उपलब्ध करवाने का समय बढ़ाने की मांग की है। दरअसल लंबे समय से नैनीताल के लोगों को सुबह व शाम को केवल एक घंटे ही पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा है। स्थानीय निवासी नीरज बिष्ट, विपनेश गौतम ने कहा कि झील का जलस्तर काफी अच्छा है। ऐसे में पूर्व की भांति सुबह व शाम को रोजाना तीन घंटे की सप्लाई दी जानी चाहिए। यदि झील के पानी को बलियानाले में छोड़ा जाएगा तो यह एक तरह से पेयजल की बर्बादी ही होगी। इसके बजाए यह पानी लोगों के प्रयोग में आना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *