नानकमत्ता पब्लिक स्कूल को मिला विप्रो अर्थियन अवॉर्ड

Spread the love

रुद्रपुर। नानकमत्ता पब्लिक स्कूल को अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय बेंगलुरु में शनिवार को पर्यावरण शिक्षा के लिए विप्रो अर्थियन अवॉर्ड 2024 से सम्मानित किया गया। इससे पहले 2023 में भी नानकमत्ता पब्लिक स्कूल को वेस्ट पर काम करने के लिए यह पुरस्कार दिया गया था। शनिवार को बेंगलुरू में नानकमत्ता पब्लिक स्कूल के संस्था अध्यक्ष चंद्रशेखर अटवाल, नेचर साइंस इनिशिएटिव के रिद्धिमा और मुकेश को अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन के चीफ़ एग्ज़ीक्यूटिव ऑफ़िसर अनुराग बहर और विप्रो फाउंडेशन के ट्रस्टी पीएस नारायण ने पुरस्कार दिया। उत्तराखंड ने दूसरी बार यह अवॉर्ड जीता है। दो साल तक लगातार सस्टेनेबल मेंस्ट्रुएशन पर काम करने वाली पांच छात्राओं शीतल, जिया, अदिति, हर्षिता और अंजलि की टीम को देहरादून स्थित पर्यावरण शिक्षा के लिए काम करने वाली संस्था नेचर साइंस इनिशिएटिव के दिशा निर्देशन में वेस्ट पर किए गए महत्वपूर्ण काम के लिए इस पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। छात्राओं के ग्रुप को पीरियड्स के दौरान सेनेटरी नैपकिन से मेंस्ट्रुअल कप की तरफ़ बदलाव से पर्यावरण और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों पर किए गए दो साल के काम के लिए यह अवॉर्ड दिया गया है। पांचों छात्राओं की उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा होने के कारण वे यह पुरस्कार लेने बेंगलुरु नहीं जा सकीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *