कोटद्वार व आसपास के क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया कृष्ण जन्माष्टमी पर्व
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सोमवार रात कोटद्वार व आसपास के क्षेत्र में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। मंदिरों को मनमोहक तरीके से सजाया गया था। देर रात 12 बजे जब कृष्ण जी का जन्म हुआ तो सभी मंदिर उनके जयकारों से गूंज उठे।
जन्माष्टमी के पर्व पर क्षेत्र में मंदिरों को भव्य तरीके से सजाया गया था। गोविंद नगर स्थिति मंदिर में मनमोहक झांकिया लगाई गई थी। बालाजी मंदिर में भी कन्हैया जी को पालकी पर बिठाया गया था। देर रात तक महिलाएं मंदिरों में कीर्तन करती रही। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने गोविंद नगर स्थित गीता मंदिर, आमपड़ाव के भैरव मंदिर, श्री बालाजी मंदिर कालाबड़, श्री गुरु मंदिर घमंडपुर में पहुंच कर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में प्रतिभाग किया। कहा कि आज पूरे देश में यह देख खुशी होती है कि हमारी संस्कृति व हमारे बच्चे सही दिशा की ओर बढ़ रहे हैं। आज घर-घर में कान्हा के रूप में बालक व राधा के रूप में बालिका संवरती व सजती दिखाई दे रही हैं। कहा कि पूर्व काल से ही हम भगवान श्रीकृष्ण से प्रेरणा लेते आये हैं। श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से लेकर कुरुक्षेत्र के मैदान तक सभी स्वरुपों में समाज के अंदर धर्म, सत्य व न्याय की स्थापना करना रहा है। उनके इन सद्कर्मों से ही आज भी संपूर्ण समाज उनसे अपना निकटतम जुड़ाव का एहसास करता हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों को श्रीकृष्ण जी की जीवन गाथा से प्रेरणा लेकर सही मार्ग पर चलते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में लाने के प्रयास का आह्वान किया। इस मौके पर गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष पंडित राजेंद्र अण्थवाल, पूर्व पार्षद कमल नेगी, नीरूबाला खंतवाल, प्रेम प्रजापति, हरि सिंह पुंडीर, पंकज भाटिया, विनय शर्मा, सोनिया असवाल, कुलदीप रावत, रजनीश चौधरी आदि मौजूद रहे।