राष्ट्रीय खेल: हल्द्वानी और रुद्रपुर के स्टेडियम को 24 घंटे मिलेगी बिजली

Spread the love

हल्द्वानी। राज्य में 38वें राष्ट्रीय खेल के दौरान हल्द्वानी और रुद्रपुर के स्पोर्ट्स स्टेडियम मे 24 घंटे बिजली आपूर्ति बनाए रखी जाएगी। इसके लिए ऊर्जा निगम के मुख्य अभियंता को नोडल अधिकारी बनाया है। ऊर्जा निगम इस समय दोनों जगहों के स्टेडियम में होने वाली खेल स्पर्धाओं के दौरान जरूरत के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजली लाइनों के साथ ही ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने का कार्य कर रहा है। राष्ट्रीय खेल के आयोजन के दौरान बिना बाधा के आपूर्ति बनाए रखने के लिए विभागीय अभियंताओं की टीम बनाई जा रही है।
हल्द्वानी और रुद्रपुर में होने वाली खेल स्पर्धाओं के दौरान नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लिए ऊर्जा निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए नोडल अधिकारी बनाए गए ऊर्जा निगम के मुख्य अभियंता नरेंद्र सिंह टोलिया ने बताया कि खेलों के आयोजन स्थलों में विद्युत भार के अनुरूप क्षमता बढ़ाई जा रही है। रुद्रपुर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में जहां 10 किलोवाट की आपूर्ति की जा रही थी, अब यहां नया ट्रांसफार्मर लगाकर क्षमता 250 किलोवाट कर दी गई है। हल्द्वानी के स्पोर्ट्स स्टेडियम में ऊर्जा निगम 1.88 करोड़ रुपये की लागत से गौलापार बिजलीघर से अंडरग्राउंड लाइन बिछाकर नया फीडर बनाने जा रहा है। यह फीडर बनते ही बिजलीघर से स्टेडियम को बिजली की सीधी आपूर्ति शुरू हो जाएगी। मुख्य अभियंता टोलिया ने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेल के आयोजन के दौरान बिजली की सप्लाई की निगरानी के लिए जल्द ही अभियंताओं की टीम बना दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *