धूमधाम से मनाया राष्ट्रीय विज्ञान दिवस

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय थलीसैंण में नमामि गंगे एवं विज्ञान संकाय के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर मॉडल प्रदर्शनी, पोस्टर एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिनमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और विज्ञान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम का शुभारम्भ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. योगेन्द्र चन्द्र सिंह ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. सुधीर रावत ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि डॉ. अनिता रावत ने वर्चुअल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक रुचि उत्पन्न करना हमारा कार्य है। विज्ञान हमारे अन्दर नवाचार उत्पन्न करता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से विज्ञान को समाज से तथा समाज को विज्ञान से जोड़ने के लिए कहा। वनस्पति विज्ञान की सहायक प्राध्यापक डॉ. छाया सिंह ने कहा कि सतत विकास के लक्ष्य में वनस्पति विज्ञान एक उपकरण का कार्य करता है। जन्तु विज्ञान के सहायक प्राध्यापक डॉ. दुदुन मेहता ने कहा कि रक्त समूह के ज्ञान से हम किसी की जिंदगी बचा सकते हैं। वक्ताओं ने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर प्राध्यापक डॉ. विवेक रावत, डॉ. सुधीर रावत, डॉ. धर्मेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *