राष्ट्रीय खेल पुरस्कार: हॉकी खिलाड़ी हार्दिक सिंह को मिलेगा खेल रत्न, कई खिलाड़ियों को भी मिलेगा अर्जुन अवार्ड

Spread the love

नईदिल्ली, भारतीय हॉकी टीम के उपकप्तान हार्दिक सिंह प्रतिष्ठित मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए चयन समिति की एकमात्र सिफारिश बने हैं। वहीं, शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख और ट्रैक एंड फील्ड एथलीट तेजस्विन शंकर को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुने गए 24 खिलाड़ियों की सूची में जगह मिली है। इसमें एक भी क्रिकेटर नहीं है। चयन समिति ने बुधवार (24 दिसंबर) को इन नामों पर मुहर लगाई, जिसमें विभिन्न खेलों के शीर्ष और युवा खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
27 वर्षीय हार्दिक भारतीय हॉकी टीम के मिडफील्ड की मजबूत कड़ी रहे हैं और वह टोक्यो 2021 और पेरिस 2024 ओलंपिक में पदक जीतने वाली टीमों का अहम हिस्सा थे। इस साल उन्होंने भारत को एशिया कप में स्वर्ण पदक दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, पहली बार योगासन खिलाड़ी आरती पाल को अर्जुन पुरस्कार के लिए अनुशंसित किया गया है, जिसे खेल मंत्रालय ने 5 साल पहले औपचारिक मान्यता दी थी।
अर्जुन पुरस्कार विजेता खिलाड़ी: तेजस्विन शंकर (एथलेटिक्स), प्रियंका (एथलेटिक्स), नरेंद्र (बॉक्सिंग), विदित गुजराथी (शतरंज), दिव्या देशमुख (शतरंज), धनुष श्रीकांत (डेफ शूटिंग), प्रणति नायक (जिमनास्टिक्स), राजकुमार पाल (हॉकी), सुरजीत (कबड्डी), निर्मला भाटी (खो-खो), रुद्रांश खंडेलवाल (पैरा शूटिंग), एकता भ्याण (पैरा एथलेटिक्स), पद्मनाभ सिंह (पोलो), अरविंद सिंह (रोइंग), अखिल श्योराण (शूटिंग), मेहुली घोष (शूटिंग), सुतिर्था मुखर्जी (टेबल टेनिस), सोनम मलिक (कुश्ती), आरती (योग), ट्रीसा जॉली (बैडमिंटन), गायत्री गोपीचंद (बैडमिंटन), लालरेम सियामी (हॉकी), मोहम्मद अफसल (एथलेटिक्स) और पूजा (कबड्डी)।
इस सूची में इस बार किसी भी क्रिकेटर को जगह नहीं मिली है। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी आखिरी क्रिकेटर थे, जिन्हें 2023 में यह सम्मान दिया गया था। देश का सर्वोच्च खेल सम्मान खेल रत्न पुरस्कार विजेता को पदक, प्रशस्ति पत्र और 25 लाख रुपये की नकद राशि के साथ प्रदान किया जाता है। वहीं, अर्जुन पुरस्कार हासिल करने वाले खिलाड़ियों को 15 लाख रुपये की इनामी राशि दी जाती है।
साल 2024 के लिए भारतीय निशानेबाज मनु भाकर, शतरंज विश्व चैंपियन डी गुकेश, पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरालिंपिक स्वर्ण पदक विजेता प्रवीण कुमार को ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार मिला था। वहीं, खेल मंत्रालय ने 17 पैरा-एथलीटों सहित 32 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिया था। मनु ने पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत के लिए पदकों का खाता खोला था। वह आजाद भारत में एक ओलंपिक में 2 पद हासिल करने वाली भी पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *