राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप, झारखंड की टीम ने लगातार तीसरी बार खिताब किया अपने नाम

Spread the love

रांची, मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी, रांची में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 में झारखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया है. फाइनल में झारखंड ने मध्यप्रदेश को 2-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि मध्यप्रदेश की टीम उपविजेता रही. वहीं ओडिशा ने उत्तर प्रदेश को 4-2 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया है.
1 से 12 अप्रैल तक चले इस टूर्नामेंट में हॉकी इंडिया, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग झारखंड सरकार और हॉकी झारखंड के संयुक्त तत्वावधान में देशभर की टीमों ने हिस्सा लिया. अंतिम दिन ए डिवीजन के तहत फाइनल और तीसरे-चौथे स्थान के मुकाबले खेले गए.
तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में ओडिशा की टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए उत्तर प्रदेश को 4-2 से हराया. ओडिशा की ओर से प्रियंका मिंज ने दो गोल किए, जबकि प्रिंसेस प्रिया एक्का और अंजना कुजूर ने एक-एक गोल दागा. उत्तर प्रदेश के लिए अर्किटा कुमारी और ममता कुमारी ने एक-एक गोल किया. इस मैच में प्रियंका मिंज को बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा. मेजबान झारखंड टीम ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश को 2-1 से पराजित किया. झारखंड की ओर से सुगन सांगा और सेवानी केरकेट्टा ने एक-एक गोल किया, जबकि मध्यप्रदेश की ओर से नम्मी गीताश्री ने एकमात्र गोल दागा. फाइनल में नौशीन नाज को बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला.
प्रतियोगिता में व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए गए. नौशीन नाज (मध्यप्रदेश) ने 9 गोल के साथ हाई गोल स्कोरर का खिताब जीता. झारखंड की खिल्ली कुमारी को बेस्ट गोलकीपर और प्रीति बिलुंग को बेस्ट डिफेंडर चुना गया. वहीं ओडिशा की प्रियंका मिंज को बेस्ट फॉरवर्ड और स्वीटी कुजूर को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला.
समापन समारोह में खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के निदेशक आसिफ एकराम, हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, पूर्व भारतीय महिला हॉकी कप्तान रानी रामपाल और पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुभद्रा प्रधान सहित कई अतिथियों ने विजेता, उपविजेता और तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *