जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : निजी संसाधनों से नयारघाटी पंचायत महोत्सव के माध्यम से जिस तरह विगत एक दशक से पूर्व प्रधान जगदम्बा डंगवाल और उनकी टीम उत्तराखंडी कला क्षेत्र के बड़े नामचीन कलाकारों की मौजूदगी में स्थानीय प्रतिभाओ को मंच प्रदान कर उनकी कला को निखारने का काम कर रहे वो काबिले तारीफ है।
ये कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि नयारघाटी पंचायत महोत्सव के कारण देश भर में पौड़ी जनपद की ह्रदयस्थली सतपुली को एक नई पहचान मिली है। नयारघाटी पंचायत महोत्सव वो उत्सव मंच है जिसके माध्यम से पहाड़ के स्थानीय व प्रवासी युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध लोक संस्कृति को समझने व उससे जुड़ने का मौका मिलता है। फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, व्हाट्सएप्प आदि सामाजिक संचार माध्यमों के कारण इस महोत्सव का दायरा बढ़ा है। बकायदा आयोजन समिति ने एक दर्जन यू यूट्यूबर और ब्लॉगर को मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित भी करवाया। विदेशो में बसे उत्तराखंडियो के बीच भी महोत्सव काफी लोकप्रियता हासिल कर चुका है। यहां तक दुबई में रहने वाले चमासू गांव के यूट्यूबर आशीष नेगी दुबई से पंचायत महोत्सव देखने पहुंचे है। नगर पंचायत बनने के बाद पहली बार नव निर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष सतपुली जितेंद्र सिंह चौहान की अगुवाई में यहां आठ दिवसीय नयारघाटी पंचायत महोत्सव का पहली बार आयोजन हो रहा है। इससे पहले इस आयोजन को पूर्व प्रधान जगदम्बा डंगवाल अपने निजी संसाधनों से कराते थे। इस नगर पंचायत महोत्सव ने एक से एक उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जो आज गायन क्षेत्र में ख्याति अर्जित कर चुके है।
लोक गायकों के नाम रही सांस्कृतिक संध्या
बुधवार की सांस्कृतिक संख्या लोकगायक विजय सैलानी, युवा गायक गजेन्द्र राणा, युवा गायिका प्रतीक्षा बमराडा के नाम रही। बुधवार को मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, एआईसीसी सदस्य राजपाल बिष्ट ने महोत्सव में शिरकत की। जबकि गुरूवार को पूूर्व सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत महोत्सव में पहुंचे।