रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सूरज नेगी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा के नेतृत्व में कांग्रेस पहले से भी अधिक मजबूत होगी। इसके लिए प्रत्येक जिलों में कांग्रेसी एकजुट हो रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश सरकार के खिलाफ महंगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था और अफसरों की लचर कार्यप्रणाली के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। मुख्यालय स्थित मधुर मिलन वेडिंग प्वाइंट में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने कमर कस दी है। राज्य में कांग्रेसियों को संगठित करते हुए पार्टी संगठन को मजबूत करते हुए राज्य व केंद्र की भाजपा सरकार को घेरने के लिए रणनीतियां तैयार की गई है। वर्तमान में उत्तराखंड में कांग्रेस संगठन 21 सांगठनिक जिलों, आत्मा, नगर कांग्रेस कमेटियों सहित 225 ब्लक व नगर कांग्रेस कमेटी को सक्रिय किया जा रहा है। पार्टी अध्यक्ष करण माहरा के नेतृत्व में मजबूत संगठन के ढांचे की तैयारी जोरों पर चल रही है जिसमें पार्टी के सभी वर्गों से जुड़े कार्यकर्ताओं को पार्टी में कार्य करने का मौका मिलना तय है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष द्वारा स्वयं सभी निष्ठावान कार्यकर्ताओं का विस्तृत ब्योरा भी लिया जा रहा है जिससे कार्यकर्ताओं को उनकी क्षमताओं के अनुसार पार्टी में कार्य करने का अवसर दिया जा सके। प्रदेश प्रवक्ता सूरज नेगी ने बताया कि पार्टी हाईकमान द्वारा काफी लंबे समय से पार्टी को मजबूत करने के लिए उत्तराखंड में पार्टी को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए एक युवा वह अनुभवी चेहरे की तलाश थी, जो पार्टी को नए सिरे से खड़ा कर कार्यकर्ताओं में जोश और जज्बा भर भर कर राज्य में पार्टी को आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य शुरू कर सके। माहरा ने बिना रुके और बिना समय गवाएं पार्टी में जान फूंकने के लिए राज्य का तूफानी दौरा किया और कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली। नेगी ने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा कार्यकर्ताओं से कहा गया कि कांग्रेस की प्रमुख प्राथमिकताओं में महंगाई, बेरोजगारी, राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था, लचर प्रशासनिक तंत्र, भाई भतीजावाद, किसानों की समस्याएं को नजरअंदाज करने वाली सरकार को चौन से नहीं रहने दिया जाएगा। इस मौके पर ऊखीमठ के पूर्व ब्लाक प्रमुख संतलाल, अखिल भारतीय पंचायत परिषद के जिला अध्यक्ष आनंद सिंह रावत, नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत डोभाल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राय सिंह बिष्ट, बलवीर सिंह नेगी, जसपाल भारती, महावीर सिंह पंवार, दीपक भंडारी, प्रदेश कांग्रेस सचिव लक्ष्मण सिंह रावत आदि मौजूद थे।