एलपीजी आपूर्ति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, बुकिंग पर तुरंत मिले सिलेंडर: डीएम

Spread the love

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंगलवार को आपदा कंट्रोल रूम के सभागार में गैस एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि एलपीजी गैस आपूर्ति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराएं। यदि किसी उपभोक्ता को गैस डिलीवरी का संदेश मिलने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिलता है तो संबंधित एजेंसी की जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गैस एजेंसियों के बाहर अनावश्यक भीड़ और लंबी कतारें न लगें, इसके लिए होम डिलीवरी व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए। साथ ही उपभोक्ताओं को केवाईसी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पूरी करने के लिए प्रेरित करने को कहा गया। बैठक में डीएम ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी गैस एजेंसियों में पेयजल और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था हो और बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने उपलब्ध स्टॉक के अनुसार व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। चारधाम यात्रा को देखते हुए गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए जिला पूर्ति अधिकारी और गैस एजेंसियों को व्यापारिक प्रतिष्ठानों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया। वहीं, जिन क्षेत्रों में पीएनजी गैस लाइन बिछाई जा रही है, वहां के नागरिकों, व्यापारियों और होटल-ढाबा संचालकों से पीएनजी कनेक्शन लेने की अपील की गई।एलपीजी से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए उपभोक्ता कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01334-223999, 239444 और मोबाइल नंबर 9068197350 पर संपर्क कर सकते हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *