जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने क्षेत्र में सड़क मरम्मत के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कहा कि अधिकारी समय-समय पर स्थिति का जायजा लेते रहे। गुणवत्ता में लापवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगी।
सोमवार को महापौर ने निगम के अधिकारियों के साथ स्टेशन रोड, गोविंद नगर, काशीरामपुर मल्ला, कौड़िया सहित अन्य स्थानों पर पहुंचकर सड़क मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। महापौर ने कहा कि नगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सड़कों की स्थिति में सुधार करवाया जा रहा है। वर्तमान में पचास किलोमीटर सड़कों का निर्माण कार्य भी प्रस्तावित है। उन्होंने अधिकारियों को बेहतर गुणवत्ता निर्धारित करने के लिए मरम्मत कार्य का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कहा कि जनता की बेहतर सुविधा को देखते हुए अधिकारी समय-समय पर निरीक्षण करते रहें। इस दौरान उन्होंने आमजन को स्वच्छता का भी संदेश दिया। कहा कि शहर को स्वच्छ व स्वस्थ बनाने में हम सभी को योगदान देना चाहिए। घरों से निकलने वाली गंदगी को केवल निगम के कूड़ा वाहनों में ही डाले। इस मौके पर नगर आयुक्त पीएल शाह, जगदीप नौटियाल, सुभाष पांडे, कृष्णपाल, दिनेश चौहान आदि मौजूद रहे।