68वीं नेशनल शूटिंग चैम्पियनशिप में गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल केंद्र शूटिंग क्लब की नेहा ने किया शानदार
जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : 68वीं नेशनल शूटिंग चैम्पियनशिप में गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल केंद्र शूटिंग क्लब की नेहा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंटरनेशनल शूटिंग इवेंट्स ट्रायल्स के लिए क्वालिफाई कर लिया है। यह सफलता न केवल नेहा को बल्कि गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल केंद्र शूटिंग क्लब और देश के लिए भी एक गर्व का क्षण है।
68वीं नेशनल शूटिंग चैम्पियनशिप में गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल केंद्र शूटिंग क्लब, लैंसडौन की युवा निशानेबाज नेहा पंवार पुत्री हवलदार मदन सिंह (जी.आर.आर.) ने 10 मीटर एयर पिस्टल महिला सब-यूथ वर्ग में 533/600 का प्रभावशाली स्कोर हासिल करके बड़ी सफलता हासिल की है। नेहा के इस शानदार प्रदर्शन से अगले साल होने वाले इंटरनेशनल इवेंट्स ट्रायल्स में भाग लेने हेतु क्वालिफाई कर लिया है। वह कुल 6 ट्रायल्स में हिस्सा लेंगी, जो आगामी वर्ष में आयोजित किए जायेंगे। नेहा ने अपने शूटिंग के सफर की शुरुआत गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल केंद्र शूटिंग क्लब, लैंसडौन से की, जिसकी नींव 02 अगस्त 2024 को रखी गयी। नेहा ने अपनी कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्री-स्टेट शूटिंग चैम्पियनशिप (देहरादून), 23वीं उत्तराखंड स्टेट शूटिंग चैम्पियनशिप (देहरादून), 44वीं नार्थ जोन प्री-नेशनल शूटिंग चैम्पियनशिप त्रिशूल रेंज (देहरादून) और 68वीं नेशनल शूटिंग चैम्पियनशिप (दिल्ली) के लिए क्वालिफाई किया। नेहा का यह शानदार प्रदर्शन गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल केंद्र शूटिंग क्लब और उनके परिवार के लिए गौरव का क्षण है। सभी को उम्मीद है कि वह इंटरनेशनल शूटिंग ट्रायल्स में भी इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखेंगी और देश के लिए गौरव अर्जित करेंगी।