रुद्रपुर(। देवभूमि कॉलोनी में वृद्धा की हत्या का पुलिस ने 72 घंटे में खुलासा कर दिया है। चंद रुपयों के लालच में सगे भतीजे ने ही पहले मफलर से गला घोंटा और फिर सिर जमीन पर पटक दिया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सितारगंज रोड स्थित देवभूमि कालोनी में 65 वर्षीय जानकी चंद पत्नी स्वर्गीय हरीश चंद की 18 फरवरी की रात हत्या कर दी गई थी। जानकी चंद घर पर अकेली रहती थीं और सत्संगी महिला थीं। शनिवार को खटीमा कोतवाली में एसएसपी अजय गणपति ने हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि हत्याकांड का खुलासा करने के लिए लगभग 60 से 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही फिंगर प्रिंट लिए गए। आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान मृतका के भतीजे रवि चंद पुत्र स्व.जगदीश चंद निवासी आदर्श कॉलोनी डिग्री कॉलेज रोड खटीमा का नाम प्रकाश में आया। शनिवार को पुलिस ने आरोपी रवि को झनकट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हरियाणा के नांगल कस्बे में एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है। 17 फरवरी की शाम वह रुपयों की आवश्यकता के चलते मुंह पर मफलर बांधकर अपनी ताई के घर पहुंचा। उनके साथ भोजन किया और मौका पाकर मफलर से उनका गला घोंट दिया। साथ ही सिर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उसने अलमारी से एक पर्स निकाल लिया, जिसमें करीब 8-10 हजार रुपये थे। साथ ही एटीएम कार्ड और चेक भी ले लिए। उसने दरवाजे पर कुंडी लगा दी और बाहर चैनल में ताला लगाकर फरार हो गया। वहीं परिजनों ने बताया कि दो दिन पहले ही रवि अपनी ताई के साथ बैंक गया था और रुपये निकलवाकर घर आया था। उसे उम्मीद रही होगी कि घर पर रुपये और गहने होंगे। जब उसे यहां कुछ खास नहीं मिला तो खुन्नस में आकर उसने ताई की हत्या कर दी।