नई दिल्ली , भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता श्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने और उनके प्रथम दिल्ली आगमन पर मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता व अन्य पार्टी नेताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत व अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि श्री नितिन नबीन का संगठनात्मक अनुभव, कर्मठ कार्यशैली और कार्यकर्ताओं के साथ सतत संवाद भाजपा संगठन को और अधिक सशक्त, अनुशासित तथा गतिशील दिशा प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व पर श्री नितिन नबीन की नियुक्ति पार्टी नेतृत्व का युवा नेतृत्व पर विश्वास और भरोसे का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके मार्गदर्शन में संगठनात्मक संरचना को नई ऊर्जा मिलेगी, साथ ही कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी तथा परिणामोन्मुखी बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री नितिन नबीन का राजनीतिक जीवन संगठनात्मक संघर्ष, अनुशासन और निरंतर सक्रियता का उदाहरण रहा है। बिहार की राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाले श्री नितिन नबीन ने छात्र राजनीति से लेकर संगठन के विभिन्न दायित्वों का सफल निर्वहन किया है। उन्हें एक ऐसे नेता के रूप में जाना जाता है, जो जमीनी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करते हैं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में विश्वास रखते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा आयु में राष्ट्रीय स्तर की यह जिम्मेदारी संभालना न केवल उनकी व्यक्तिगत क्षमता को दर्शाता है, बल्कि यह भी संकेत देता है कि भाजपा भविष्य के नेतृत्व के निर्माण को लेकर गंभीर और दूरदर्शी है। पार्टी के भीतर यह व्यापक विश्वास है कि श्री नितिन नबीन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे और उन्हें संगठनात्मक कार्यों में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि हाल ही में बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान वे स्वयं बिहार गई थीं और नितिन नबीन के साथ चुनाव प्रचार में सक्रिय रूप से शामिल रहीं। उन्होंने कहा कि उस दौरान उन्होंने श्री नितिन नबीन की कार्यशैली, जनसंपर्क और संगठनात्मक पकड़ को नजदीक से देखा, जो पार्टी के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी सदैव युवाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें नेतृत्व के अवसर देने के पक्षधर रहे हैं। श्री नितिन नबीन की नियुक्ति भी उसी सोच का प्रतिबिंब मानी जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी का मानना रहा है कि युवा नेतृत्व नई सोच, नई ऊर्जा और आधुनिक दृष्टिकोण के साथ संगठन और देश को आगे ले जाने में सक्षम होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन और शीर्ष नेतृत्व के विश्वास के साथ नितिन नबीन निश्चित रूप से पार्टी संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। उनका अनुभव, ऊर्जा और संवाद आधारित कार्यशैली आने वाले समय में पार्टी संगठन को और अधिक संगठित एवं मजबूत बनाएगी।