जयकारों के साथ 90 फीट ऊंचे नए ध्वजदंड को श्री दरबार साहिब लाया गया

Spread the love

देहरादून। श्री गुरु राम राय जी महाराज व श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज के जयकारों के साथ 90 फीट ऊंचे नए ध्वजदंड शनिवार को श्री दरबार साहिब लाया गया। इस पावन बेला का साक्षी बनने के लिए देश विदेश से हजारों की संख्या में संगत शुक्रवार देर शाम तक श्री दरबार साहिब, देहरादून पहुंच गई थी। शनिवार सुबह साढ़े छह बजे संगतों के श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बम्बे बाग पहुंचने का क्रम शुरू हुआ। वहां श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज ने संगत को दर्शन देकर आशीर्वाद दिया। श्रीमहंत की अगुवाई में संगतों ने अरदास पढ़ी व 8 बजे नए ध्वजदंड को कंधों पर उठाकर श्री दरबार साहिब के लिए प्रस्थान किया। श्री दरबार साहिब पहुंचते ही संगत ढोल नगाड़ों की थाप पर नाचने लगी। सुबह भण्डारीबाग क्षेत्र का नजारा पूरी तरह भक्तिमय था। श्रद्घा, उमंग, उल्लास व गुरु भक्ति के बीच संगतों ने नए पवित्र ध्वजदंड को अपने कंधों पर उठाया। पूरा क्षेत्र श्री गुरु राम राय महाराज, श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज व श्री झण्डे जी के जयकारों से गूंज उठा। संगत बाम्बे बाग, मातावाला बाग से सहारनपुर चौक होते हुए दरबार साहिब पहुंची। रास्ते पर अनुयायी श्रद्घाभाव पुष्प वर्षा कर रहे थे। संगतों ने पावन सरोवर में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। संगत के स्वागत के लिए जगह जगह छबील, पानी फल आदि लंगर की व्यवस्था थी। पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल उत्तराखंड सहित आसपास के राज्यों से हजारों की संख्या में संगत शुक्रवार शाम तक श्री दरबार साहिब पहुंच गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *