रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर के पुराने जर्जर भवन को हटाकर अब आधुनिक बहुमंजिला हाईटेक कार्यालय बनाया जाएगा। इसके लिए शासन ने 15.74 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। मेयर विकास शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए बजट जारी किया गया है, जिसमें रुद्रपुर नगर निगम को भी लाभ मिला है। निगम के कई विभाग अब तक पुराने भवन में संचालित हो रहे थे, जिसे देखते हुए नए भवन का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। नए भवन का निर्माण 15.74 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इसमें तीन मंजिलें और आधुनिक सुविधाएं होंगी, जिनमें स्टिल्ट पार्किंग, रिसेप्शन, वेटिंग एरिया, टैक्स कलेक्शन काउंटर और स्टोर रूम शामिल हैं। ग्राउंड और प्रथम तल पर नगर निगम कार्यालय होंगे, जबकि द्वितीय तल और टैरेस पर व्यावसायिक गतिविधियों के लिए स्थान होगा। भवन का डिजाइन उत्तराखंड की भौगोलिक और जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप तैयार किया गया है और पूरी इमारत भूकंपरोधी तकनीक से निर्मित होगी। नए भवन से नगर निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ेगी, जिससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।