एनएच से हटी पार्किंग, गोखले मार्ग भी होगा साफ

Spread the love

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवंत चौहान ने दिए यातायात पुलिस को निर्देश
गोखले मार्ग में घूमने वाली रेहड़ी-ठेलियों को किया जाएगा गाड़ीपड़ाव में शिफ्ट
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : झंडाचौक से नगर निगम के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच बनाई गई वाहन पार्किंग को मंगलवार से समाप्त कर दिया गया है। स्थानीय व्यापारी व जनता पिछले कई माह से सेंटर पार्किंग का विरोध कर रही थी। सोमवार को लोगों ने इस समस्या से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवंत चौहान को भी अवगत कराया था। वहीं, पुलिस व नगर निगम ने गोखले मार्ग में घूमने वाली रेहड़ी-ठेलियों को भी गाड़ीपड़ाव में शिफ्ट होने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसके लिए बाकायदा गोखले मार्ग में अतिक्रमण हटाओ अभियान भी चलाया गया।
करीब आठ माह पूर्व यातायात पुलिस ने झंडाचौक से नगर निगम के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेंटर पार्किंग की व्यवस्था बनाई थी। उम्मीद जताई जा रही थी कि इससे शहर में लगने वाले वाहनों के जाम से निजात मिलेगी और वाहनों को पार्क करने के लिए भी स्थान उपलब्ध हो जाएगा। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ और उल्टा राष्ट्रीय राजमार्ग और संकरा हो गया। जिससे आए दिन आमजन जाम की समस्या से जूझ रहे थे। सबसे अधिक परेशानी भारी वाहनों को आवाजाही करने में हो रही थी। नतीजा सुबह से शाम तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहती थी। पूर्व में व्यापारी व स्थानीय लोग इस समस्या से प्रशासन को अवगत करा चुके थे, लेकिन किसी ने भी उनकी इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया। सोमवार को कोटद्वार कोतवाली में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में व्यापारी व स्थानीय लोगों ने एक बार फिर इस समस्या को एसएसपी के समक्ष रखा, जिसके बाद एसएसपी ने यातायात पुलिस को सेंटर पार्किंग समाप्त करने के निर्देश दिए। वहीं, मंगलवार सुबह पुलिस व नगर निगम ने अपर पुलिस अधीक्षक मनीषा जोशी के नेतृत्व में गोखले मार्ग में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। पुलिस ने रेहड़ी, ठेली वालों को गाड़ीपड़ाव में शिफ्ट होने के निर्देश दिए। यातायात निरीक्षक शिव कुमार ने बताया कि झंडाचौक से नजीबाबाद जाने वाले वाहनों के लिए गोखले मार्ग से आवाजाही की व्यवस्था बनाई जा रही है। वर्तमान में गोखले मार्ग में रेहड़ी-ठेलियों का कब्जा बना हुआ है। ऐसे में पूरे दिन मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहती है। कई बार लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
बॉक्स समाचार
सड़क पर दिखी रेहड़ी ठेली तो होगी कार्रवाई
शहर की सड़कों पर जगह-जगह घूमने वाली रेहड़ी-ठेलियों को लेकर पुलिस व नगर निगम ने सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक मनीषा जोशी ने कहा कि यदि शहर में रेहड़ी-ठेली वाले राष्ट्रीय राजमार्ग या मुख्य सड़कों पर घूमते हुए दिखाई दिए तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, इसके लिए पुलिस की विशेष टीम भी गठित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *