एनआईटी और जेआईआईटी करेगें शैक्षणिक गतिविधियों का आदान-प्रदान

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) उत्तराखंड श्रीनगर व जेपी इंस्टीट्यूट ऑफ इंफार्मेशन टेक्नोलॉजी (जेआईआईटी) नोएडा, उत्तर प्रदेश के बीच अकादमिक समझौता (एमओयू) हुआ। एनआईटी की ओर से निदेशक प्रो. ललित कुमार अवस्थी तथा जेआईआईटी की ओर से कुलपति प्रो. बोध राज मेहता ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। एमओयू होने से दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक गतिविधियों का आदान-प्रदान होगा।
एमओयू के दौरान एनआईटी निदेशक प्रो. अवस्थी ने कहा कि एनआईटी उत्तराखंड विभिन्न क्षेत्रीय, राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर के संस्थानों और प्रतिष्ठानों के साथ अपने अकादमिक और औद्योगिक संबंधों को मजबूत कर रहा है। जिससे छात्रों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं को अकादमिक क्षेत्र में व्यापक अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि इस समझौता ज्ञापन का प्राथमिक उद्देश्य संयुक्त शैक्षणिक और अनुसंधान कार्यक्रमों, छात्रों के संयुक्त पर्यवेक्षण, संयुक्त प्रायोजित अनुसंधान परियोजनाओं और संयुक्त प्रकाशनों के माध्यम से दोनों संस्थानों के संकाय सदस्यों, कर्मचारियों और छात्रों और शोध छात्रों के बीच अकादमिक बातचीत और सहयोग को बढ़ावा देना है। जेआईआईटी के कुलपति प्रो. बोध राज मेहता ने अनुसंधान सहयोग और अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की क्षमता पर जोर दिया। प्रो. अवस्थी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उन्होंने कहा यह समझौता ज्ञापन एक आशाजनक साझेदारी का प्रतीक है जो अनुसंधान, नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देगा। जिससे दोनों संस्थानों के साथ व्यापक समुदाय को भी लाभ होगा। एमओयू पर हस्ताक्षर जेआईआईटी के नोएडा परिसर में किया गया। इस दौरान डॉ. सनत अग्रवाल (डीन रिसर्च एंड कंसल्टेंसी, एनआईटी), एवं जेआईआईटी के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *