ठंड से कांपा कोटद्वार आने वाले दिनों में भी राहत नहीं

Spread the love

-गुरुवार को बूंदाबांदी ने भी बढ़ाई ठिठुरन
-आमजन घरों में पेक होने को हुए मजबूर
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार व आसपास के क्षेत्र में ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है। आने वाले दिनों में भी ठंड से राहत मिलने वाली नहीं है। गुरुवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाये रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं दिन में 12 बजे के करीब हल्की बूंदाबांदी ने ठिठुरन और बढ़ा दी। हालांकि, दोपहर में कुछ देर के लिए धूप खिली, लेकिन शाम होते-होते फिर से हाड कंपाने वाली ठंड महसूस होने लगी।
गुरुवार सुबह से ही आसमान में बादलों ने डेरा डाल लिया था। सूर्य देव भी बादलों के साथ आंख मिचोली का खेल खेल रहे थे। जिसका असर कोटद्वार वासियों पर ठंड के रूप में पड़ रहा था। सुबह करीब 10 बजे हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन फिर रुक गई। धूप न निकलने और तापमान में गिरावट के चलते लोग भी घरों से कम ही बाहर निकले। दिन में 12 बजे के करीब एक बार फिर हल्की बूंदाबांदी हुई और ठंड में भी इजाफा हो गया। हालांकि, आमजन की परेशानी को देखते हुए सूर्य देव ने दोपहर में दो बजे के करीब दर्शन दिए जिससे ठंड से थोड़ी राहत मिली। शाम होते-होते एक बार फिर कोटद्वार ने ठंड की चादर ओढ ली, जिससे क्षेत्र के अधिकांश बाजार भी जल्दी ही खाली-खाली नजर आने लगे। अभी आने वाले दिनों में भी ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है और तापमान में और गिरावट की संभावना जताई जा रही है।
बाक्स
सोमवार से शुरू हो सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि दिनभर में तापमान में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिले। वहीं, शुक्रवार (आज) की बात करें तो दिनभर धूप खिली रहने की संभावना है। हालांकि तापमान में ज्यादा इजाफे की संभावना नहीं है। आज अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हालांकि इसके बाद शनिवार को आसमान में बादल छाये रहने की संभावना है। रविवार से ठंड में इजाफा होगा और सोमवार से बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जो बुधवार तक चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *