दो दिन से नहीं हुए धूप के दर्शन, शीतलहर व कोहरे ने बढ़ाई मुश्किल

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में लगातार ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। पिछले दो दिन से शहर में धूप के दर्शन तक नहीं हुए हैं। कोहरे के साथ चल रही शीतलहर ने आमजन को परेशान कर दिया है। लोगों ने ठंड से बचाव के लिए अलाव व हीटर का सहारा लिया। कोटद्वार का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया।
शुक्रवार सुबह जैसे ही लोग घरों से बाहर निकले, घने कोहरे ने उनकी कंपकंपी छुड़ा दी। पूरे दिन लोग धूप का इंतजार करते रहे। लेकिन, सूरज के कोई दर्शन नहीं हुए। कोहरे के साथ चल रही शीतलहर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई। कोहरे के कारण वाहनों से आवाजाही करने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह व शाम के समय सड़कों पर अधिकांश वाहन हेडलाइट जला कर चल रहे थे। ठंड से बचाव के लिए शहर में अधिकांश लोगों ने अलाव का सहारा लिया। वहीं, गुरुवार को भी शहर में यही स्थिति बनी हुई थी। वहीं, एक ओर जहां मैदानी क्षेत्र में कोहरे की चादर घिरी रही। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में गुनगुनी धूप ने ग्रामीणों को काफी राहत पहुंचाई। पहाड़ों में ग्रामीणों ने अपने घरों के बाहर बैठकर धूप का आनंद लिया। लेकिन, सुबह शाम अचानक गिर रहे तापमान ने पर्वतीय क्षेत्रों के ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *