जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मंगलवार को प्रचार-प्रसार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। जगह-जगह जनसभाएं व रैली निकाली गई। प्रत्याशी जनता से बड़े-बड़े वादें करते हुए सुनाई दिए। ऐसे में जनता को यह वादें कितने लुभाते हैं। इसका पता 25 जनवरी को ही चलेगा।
निकाय चुनाव के लिए 23 जनवरी को मतदान होना है। ऐसे में इससे पूर्व बुधवार शाम पांच बजे से चुनावी प्रचार-प्रसार थम गया। चुनाव के अंतिम दिन महापौर के छ: प्रत्याशियों के साथ ही पार्षद पद पर किस्मत आजमा रहे प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंकी दी। बाइक रैली निकालने के बाद भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र रावत के समर्थन में जहां गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने दुर्गापुरी में जनसभा की। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी रंजना रावत भी अपने समर्थकों के साथ वार्डों के चक्कर काटती रही। यही नहीं बसपा प्रत्याशी महेश नेगी की ओर से भी जनसभा का आयोजन किया गया था। निर्दलीय प्रत्याशी महेंद्र पाल रावत ने भाबर क्षेत्र में अपने समर्थकों के साथ रैली निकाली। उन्होंने जनता से भाजपा-कांग्रेस से बाहर निकलकर काम करने वाले प्रत्याशी को चुनने की अपील की। उत्तराखंड क्रांति दल के प्रत्याशी महेंद्र रावत ने अपने समर्थकों के साथ बाजार क्षेत्र का भ्रमण किया। निर्दलीय प्रत्याशी गोपाल कृष्ण बड़थ्वाल भी वार्डों के चक्कर लगाते हुए जनता से मत की अपील करते हुए नजर आए। किस प्रत्याशी के वादे और दावे जनता को लुभाते हैं। इसका पता 25 जनवरी की तिथि ही निर्धारित करेगी।