काशीपुर। नगर पालिका के नामित सभासद ने पालिका प्रशासन पर प्रधानमंत्री आवास में भ्रष्टाचार करने, बाढ़ के दौरान आपदा में अवसर तलाशने तथा अपने चहेतों को मुआवजा दिलाने को लेकर शुक्रवार को एसडीएम पर दबाव बनान का आरोप लगाते हुए एसडीएम कोर्ट में हंगामा किया। इस दौरान उन्होंने एसडीएम के माध्यम से डीएम को पत्र भेजकर इन आरोपों की जांच करने की मांग की है। पालिका के नामित सभासद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता विमल शर्मा आपदा पीड़ितों के साथ एसडीएम कोर्ट पहुंचे। यहां पर उन्होंने आपदा के दौरान लोगों की फौरी मदद करने वाले एसडीएम राकेश तिवारी की तारीफ की तो वहीं उन्होंने पालिकाध्यक्ष पर अपने चहेतों को राहत राशि दिलाने के लिये एसडीएम पर दबाव बनाने एवं उनसे अभद्रता पर नाारजगी जताई। साथ ही विमल शर्मा एसडीएम के माध्यम से डीएम को पांच सूत्रीय शिकायत पत्र देकर नगर पालिका में प्रधानमंत्री आवास में हुए घोटालों की जांच करने, पालिका क्षेत्र में जमा पानी की निकासी के लिये पंप लगाने, बाढ़ पीड़ितों को बिना किसी दबाव के मुआवजा राशि देने, पालिका में 15 मई 2023 से 10 जुलाई 2024 तक हुई सभी सड़कों के निर्माण की जांच करने, रेलवे के अंडर पास से पानी की निकासी करने की मांग की है। विमल शर्मा पालिकाध्यक्ष को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनके एक भी आरोप गलत हैं तो पालिकाध्यक्ष उन पर मानहानि का केस कर सकते हैं वह स्वतंत्र हैं। इस मौके पर ममता, रामअवतार, दिनेश, अनिल, रिंकू, देवेंद्र राय, दीप्ति, कुंता, सुधा, तन्नू, अलका, विमला, शोभा, रेखा, दर्शन, सुरेश आदि अनेकों लोग मौजूद रहे।
बेबुनियाद आरोपों पर जवाब देना उचित नहीं समझता: पालिकाध्यक्ष
बाजपुर। नामित सभासद विमल शर्मा के आरोपों को लेकर पूछने पर पालिकाध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते ने कहा कि वह इन बेबुनियाद आरोपों पर जवाब देना उचित नहीं समझते। उन्होंने कहा कि जब जवाब देना होगा वह जवाब दे देंगे। वहीं उन्होंने आगे किसी भी सवाल का कोई जवाब नहीं दिया।