अल्मोड़ा। सोमवार को भारी बारिश के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई। कांग्रेस की ओर से अध्यक्ष पद के लिए सुनीता कुंजवाल और उपाध्यक्ष पद के लिए शंभू सिंह रावत ने नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं भाजपा से अध्यक्ष पद के लिए हेमा गैड़ा और उपाध्यक्ष पद के लिए सुरेंद्र ने अपना पर्चा भरा। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की ओर से बैरती क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य सरस्वती देवी ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया। नामांकन के दौरान कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, विधायक मनोज तिवारी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष भूपेंद्र भोज, नगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी, दीवान सतवाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला और नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट सहित पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उक्रांद प्रत्याशी सरस्वती देवी के नामांकन के समय पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, शिवराज बनोला और उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के अध्यक्ष पीसी तिवारी समेत कई समर्थक मौजूद थे।