ग्राम पंचायत डांगी से नहीं हुआ प्रधान और सदस्य पद के लिए नामांकन

Spread the love

कल्जीखाल ब्लॉक में चुने गए एक दर्जन निर्विरोध प्रधान, घोषणा होने का इंतजार
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : विकासखंड कल्जीखाल में एक दर्जन निर्विरोध प्रधान बनने का रास्ता साफ हो गया है, लेकिन अभी आरओ द्वारा आधिकारिक घोषणा बाकी है, जो नामाकंन पत्रों की जांच के बाद होगी। वहीं डांगी ग्राम पंचायत में प्रधान एवं पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया गया है। ग्राम पंचायत डांगी में प्रधान पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित किया गया है, लेकिन गांव में ओबीसी महिला न होने के कारण प्रधान पद के लिए नामांकन नहीं हो पाया है।
विकासखंड कल्जीखाल में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की प्रक्रिया गतिमान है। 87 ग्राम पंचायतों में 216 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। क्षेत्र पंचायत के 23 पदों पर 77 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। वहीं 87 ग्राम पंचायतों में 609 पंचायत सदस्यों के लिए मात्र 70 प्रत्याशियों ने ही नामांकन किया है। जबकि विकासखंड कल्जीखाल दो जिला पंचायत सीट गढ़कोट और थैर पर 7 नामांकन पत्र दाखिल किये गये है। विकासखंड कल्जीखाल ब्लॉक में लगभग एक दर्जन ग्राम पंचायतों में निर्विरोध प्रधान बनना लगभग तय है। हालांकि अभी घोषणा नहीं हुई है। क्षेत्रीय निर्वाचन अधिकारी आरओ अरविंद कुमार ने बताया नामांकनों पत्रों की जांच प्रक्रिया गतिमान है। 9 जुलाई के बाद ही तस्वीर साफ हो पाएगी कि विकासखंड कल्जीखाल में प्रधान पदों पर कितने निर्विरोध प्रधान चुने गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *