अप्रैल में दिसंबर जैसी ठंड, बारिश-बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में तेज बारिश और पवर्तीय क्षेत्रों में बर्फबारी होने से हाड़ कंपाने वाली ठंड शुरू हो गई है। राज्य सभी 13 जिलों के अनेक स्थानों में मंगलवार शाम से तेज हवा के साथ बारिश और पर्वतीय इलाकों में बुधवार को हिमपात जारी रही। मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल रही है। तेज हवाओं और ऊंचाई वाले स्थानों पर रूक रूक कर हो रही बर्फबारी ने अप्रैल में दिसंबर, जनवरी जैसी हाड़ कंपाने वाली ठंड का अहसास कराया और लोगों को गर्म कपड़े पहनने या फिर घर में बन्द होने के लिए मजबूर कर दिया है।
तापमान में तेजी से गिरावट: पिछले 24 घंटों से बदले मौसम के कारण राज्य के सभी जिलों में तापमान में गिरावट आयी है। मौसम विभाग के अनुसार, आज अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी है। जबकि अगले तीन से चार दिनों में अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान में उत्तरोत्तर पांच से सात डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। रुद्रप्रयाग जिले के हेमकुंड साहब, केदारनाथ, चमोली जिले में बदरीनाथ, पिथौरागढ़, अल्मोडा जिलों के 3000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आज भी बर्फबारी हो रही है।
गुरुवार को कैसा रहेगा मौसम: मौसम विज्ञान विभाग देहरादून से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश और 3000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने का अनुमान जताया है। राज्य के शेष पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से मध्यम और गरज के साथ बारिश हो सकती है। जबकि राज्य के मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। इसी तरह शुक्रवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की या फिर गरज के साथ बारिश और 3700 मीटर एवं उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *