बागेश्वर()। कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जनता दरबार व सीएम पोर्टल में आ रही शिकायतों की समीक्षा की गई। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन में आ रही शिकायतों को कुछ अधिकारी हल्के में ले रहे हैं। शिकायतकर्ता को विभाग फोन तक नहीं कर रहा है। कॉलिंग प्रतिशत कम करने वाले विभागों को नोटिस जारी किए हैं। साथ ही कार्यशौली में सुधार के निर्देश दिए। जनता दरबार में पेयजल, विद्युत, आपदा राहत तथा सड़क महकों की 11 शिकायतें दर्ज हुई। मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष प्रकरणों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए। सीडीओ ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की भी विस्तृत समीक्षा की। शिकायतकर्ता को कॉल नहीं करने वालों में खेल, शिक्षा, खनन विभाग, पेयजल निगम, नगर पालिका बागेश्वर और तीनों बीडीओ फिसड्डी साबित हो रहे हैं। इस पर सीडीओ ने कड़ी आपत्ति जताई है। सभी विभागों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। बैठक के दौरान ‘हेलो बागेश्वर’ पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। समाचार पत्रों में प्रकाशित जनहित से जुड़े समाचारों के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी ली गई। इस दौरान समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।