रुद्रपुर। समाज कल्याण विभाग ने दोहरी पेंशन लेने वाले लाभार्थियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। सभी पेंशनधारकों को 5 अप्रैल तक अपना पक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग को प्राप्त कैग रिपोर्ट में ऐसे कई मामलों की पहचान हुई है, जिनमें एक ही व्यक्ति एक से अधिक प्रकार की पेंशन का लाभ ले रहा है। जिले में कुल 57 ऐसे लाभार्थी चिह्नित किए गए हैं, जो समाज कल्याण विभाग की पेंशन के साथ-साथ सेवानिवृत्ति, पारिवारिक, आंदोलनकारी या स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पेंशन भी प्राप्त कर रहे हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध ने बताया कि संबंधित लाभार्थियों को प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत के तहत अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जा रहा है, ताकि वे अपनी स्थिति स्पष्ट कर सकें। शासन के निर्देशानुसार, सभी संबंधित लाभार्थियों को 10 रुपये के न्यायिक स्टांप पेपर पर अपना स्पष्टीकरण लिखकर जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय, संबंधित विकास खंड कार्यालय में कार्यरत सहायक समाज कल्याण अधिकारी या खंड विकास अधिकारी के पास जमा करना होगा। उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।