अब कोरोना के म्यू वैरिएंट को लेकर दहशत, डब्ल्यूएचओ ने दुनिया को किया आगाह, जारी की चेतावनी

Spread the love

जिनेवा,एजेंसी। कोरोना में हुए नए बदलाव ने एकबार फिर विश्व समुदाय की चिंता बढ़ा दी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने इस वैरिएंट को लेकर दुनिया को आगाह किया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि वह म्यू नाम के नए कोरोना वायरस की बारीकी से निगरानी कर रहा है। समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक डब्ल्यूएचओ ने चेतावनी दी है कि कोरोना का यह नया वैरिएंट कोविड-19 रोधी वैक्सीन के प्रति प्रतिरोध का संकेत दे रहा है। कोराना का यह नया वैरिएंट कई देशों में पाया गया है। इसे बेहद संक्रामक बताया जा रहा है।
म्यू नाम के इस वैरिएंट का वैज्ञानिक नाम बी़1़621 (बी़1़621) है। संयुक्त राष्ट्र स्वास्थ्य एजेंसी ने मंगलवार को महामारी पर अपने साप्ताहिक बुलेटिन में बताया कि पहली बार जनवरी 2021 में कोलंबिया में इसे पहचाना गया था। तब से इसके मामलों की छिटपुट रिपोर्ट आती रही हैं। बताया जाता है कि दक्षिण अमेरिका और यूरोप में इसके कुछ बड़े प्रकोप भी सामने आए हैं। यूके, यूरोप, यूएस और हांगकांग में भी म्यू वेरिएंट के मामले सामने आए हैं। इसे वैरिएंट आफ इंट्रेस्घ्ट की श्रेणी में रखा गया है। कोरोना के इस नए वैरिएंट पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
हालांकि मौजूदा वक्त में म्यू वैरिएंट का वैश्विक प्रसार 0़1 फीसद से कम है लेकिन कुछ देशों में तेजी से फैल रहा संक्रमण दुनिया को डरा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक कोलंबिया में कोरोना के कुल मामलों में इसका प्रसार 39 फीसद और इक्वाडोर में 13 फीसद की दर से देखा जा रहा है। दुनिया के 39 देशों में इसको पाए जाने के बाद इसको 30 अगस्त को डब्ल्यूएचओ की निगरानी सूची में जोड़ा गया था। इसमें हुआ म्यूटेशन प्रतिरक्षा से बचने के गुणों की ओर इशारा करता है। म्यू वैरिएंट मार्च से डब्ल्यूएचओ की ओर से निगरानी किया जाने वाला कोरोना का पांचवा प्रकार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *