अब कोटद्वार विधानसभा से भाजपा किस पर लगाएगी दाव, ये दावेदार हैं प्रमुख…

Spread the love

-हरक की बर्खास्तगी के बाद कोटद्वार विधानसभा के दावेदारों की भाजपा हाईकमान से बढ़ी उम्मीदें
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : हरक सिंह रावत की बर्खास्तगी के बाद भाजपा कोटद्वार विधानसभा सीट से किस पर दाव लगाती है, यह एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। हालांकि, हरक को बाहर का रास्ता दिखाने के बाद कई भाजपा दावेदारों को अब हाईकमान से उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। सभी अपने गुणा-भाग में लगे हैं और दावा कर रहे हैं कि इस बार भाजपा उन पर ही भरोसा जताएगी।
जब तक हरक सिंह रावत भाजपा में शामिल थे, तब तक राजनीतिक गलियारों में यही दावे किए जा रहे थे कि वह कोटद्वार विधानसभा सीट से ही दोबारा चुनाव लड़ेंगे। ऐसे में भाजपा के अन्य दावेदारों की उम्मीदें कुछ हल्की पड़ने लगी थीं। लेकिन, अब जब वह भाजपा से बाहर हो गए हैं तो पार्टी के अन्य दावेदारों की उम्मीदों को भी पंख लग गए हैं। हालांकि, भाजपा कोटद्वार विधानसभा सीट से किस पर भरोसा जताती है यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।

भाजपा से इन्होंने पेश की है दावेदारी
कोटद्वार विधानसभा सीट से भाजपा दावेदारों की बात करें तो लिस्ट काफी लंबी है, लेकिन प्रमुख नामों में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शैलेंद्र सिंह बिष्ट गढ़वाली, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता बिपिन कैंथोला और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धीरेंद्र चौहान शामिल हैं। तीनों ही अपनी-अपनी जगह मजबूत दावेदारी पेश करते हैं, लेकिन देखना होगा कि भाजपा इनमें से किस पर भरोसा जताती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *