जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अब तक जहां वार्ड नंबर 31 के लोगों ने भाबर गैस एजेंसी के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ था। वहीं, अब वार्ड नंबर 36 लोमणिपुर के लोगों ने भी एजेंसी पर अनियमितता का आरोप लगाना शुरु कर दिया है। शुक्रवार को वार्डवासी तहसील में पहुंचे और समस्या के संबंध में उपजिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। कहा कि एजेंसी की ओर से घर-घर भेजे जा रहे सिलेंडर में निर्धारित क्षमता से कम गैस भेजी जा रही है।
कुछ दिन पूर्व वार्ड नंबर 31 के लोगों ने भाबर गैस एजेंसी पर क्षमता से कम गैस सप्लाई करने का आरोप लगाया था। इसके विरोध में एक दिन पूर्व ही लोगों ने एजेंसी के बाहर धरना दिया था। वहीं, अब शुक्रवार को वार्ड नंबर 36 के लोगों ने भी एजेंसी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लोगों ने गैस एजेंसी पर घर-घर गैस सप्लाई में अनियमितता का आरोप लगाया। कहा कि घर-घर पहुंचने वाले सिलेंडर में दो से तीन किलो गैस कम रहती है। उनका कहना था कि कुछ समय पूर्व उन्होंने गैस एजेंसी से भी इसकी शिकायत की। लेकिन, समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया। बताया कि उपभोक्ताओं के हित को देखते हुए जल्द से जल्द इस ओर ध्यान दिया जाना चाहिए। क्षेत्रीय जन ने इस संबंध में गढ़वाल मंडल विकास निगम को भी पत्र भेजा है। इस मौके पर अर्चना देवी, नवीन चंद्र, चंद्र प्रकाश, गौरव जोशी, दिनेश मेहरा, सपना देवी, पूजा देवी आदि मौजूद रहे।