अल्मोड़ा। महिलाओं को स्वस्थ और स्वावलंबी बनाने की दिशा में रानीखेत नगर में पतंजलि योग समिति की तरफ से संचालित योग कक्षाओं में महिलाओं की बढ़ती संख्या के बाद समिति की ओर से आरोग्य सभा का आयोजन किया गया। तय किया गया कि अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए नई योग कक्षाएं शुरू की जाएंगी। इसके लिए विशेष प्रशिक्षण देकर योग प्रशिक्षक तैयार की जाएंगी। नगर कुम्हार मोहल्ला में पंतजिल योग समिति की योग कक्षाओं के बाद आरोग्य सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य अतिथि प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लीला संगेला, तहसील प्रभारी सुनीता डावर और जिला महामंत्री विमला रावत ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर शुभारंभ किया। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लीला ने कहा कि वर्तमान में संचालित चार स्थाई कक्षाएं स्वस्थ नारी, सशक्त समाज की सोच को विस्तार देने के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। तहसील प्रभारी सुनीता ने कहा कि योग तनाव के साथ बढ़ते रोगों से टुटकारा पाने में कारगर है। महिलाओं को योग के प्रति जागरूक कर उन्हें कक्षाओं से जोड़ा जाएगा। जिला महामंत्री विमला रावत ने कहा कि योग को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए समिति की ओर से कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य नगरीय के साथ ग्रामीण महिलाओं को भी योग से जोड़कर उन्हें स्वास्थ्य के प्रति सजग करना है। इस मौके पर लीला संगेला के निर्देशन में कार्यकारिणी का विस्तार भी किया गया। कार्यक्रम में अनुप्रिया, बबीता, तान्या, योगिता, अनु सोनकर, शोभा देवी, मीना देवी, तबस्सुम, शोभा, मीनाक्षी, लक्ष्मी आदि मौजूद रहे।