बागेश्वर। सुमित्रानंदन पंत राजकीय महाविद्यालय, गरुड़ द्वारा आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का विशेष शिविर गागरीगोल में विधिवत रूप से प्रारंभ हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी.एन. तिवारी ने मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान महेश पांडे, विपिन जोशी एवं छात्रसंघ अध्यक्ष वीरेन्द्र रावत का बैच अलंकरण कर किया। उद्घाटन अवसर पर प्राचार्य प्रो. तिवारी ने कहा कि NSS शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का एक सशक्त माध्यम है, जिसमें उन्हें समाज के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि सात दिवसीय इस शिविर में योग, ग्राम भ्रमण, श्रमदान, बौद्धिक सत्र, रचनात्मक लेखन, नशा मुक्ति अभियान तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे छात्रों में सामाजिक जागरूकता और नेतृत्व क्षमता का विकास होगा। इस दौरान एक भावुक क्षण भी देखने को मिला जब छात्रसंघ अध्यक्ष वीरेन्द्र रावत को उत्तराखंड पुलिस में चयनित होने पर सम्मानित करते हुए विदाई दी गई। उपस्थित जनसमूह ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिविर संचालक शिव प्रकाश राय ने शिविर की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस शिविर के माध्यम से छात्र-छात्राएं आसपास के गांवों में जाकर नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता अभियान चलाएंगे और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. डी.एन. तिवारी, चंद्रशेखर बिष्ट, अवधेश तिवारी, छात्रसंघ उपाध्यक्ष ममता रावत सहित महाविद्यालय के कई प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।