विकासनगर()। सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय पीजी कॉलेज, साहिया की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ बुधवार को ग्राम ककाड़ी के बहुउद्देशीय भवन में हुआ। शिविर के शुभारंभ के अवसर पर इस विशेष शिविर में भाग ले रहे स्वयंसेवियों ने मोबाइल के सीमित उपयोग का संकल्प लेते हुए मोबाइल उपवास का निर्णय लिया। संकल्प के तहत फील्ड सर्वे के निर्धारित समय को छोड़कर स्वयं सेवी प्रतिदिन सुबह छह बजे से रात्रि 10 बजे तक छात्र मोबाइल का उपयोग नहीं करेंगे, ताकि वे शिविर की गतिविधियों और सामूहिक जीवन में पूर्ण रूप से सहभागिता कर सकें। उद्घाटन सत्र में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी वरुण प्रसाद सेमवाल ने राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थापना, उद्देश्य और इसके मूल मंत्र ‘मैं नहीं, अपितु आप’ के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिविर के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास किया जाता है।