देश में ओमिक्रॉन के संक्रमितों की संख्या बढ़कर हुई 42

Spread the love

-राजस्थान में पाए गए हैं ओमिक्रॉन के चार नए मामले
-ओमिक्रॉन के सबसे ज्यादा मामले हैं महाराष्ट्र में
नई दिल्ली, एजेंसी : देश में ओमिक्रॉन के चार नए मामले सामने आए हैं। समाचार एजेंसी आइएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक चारों नए केस राजस्थान में पाए गए हैं, जिसके साथ ही राज्य में ओमिक्रॉन के मामलों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। ओमिक्रॉन के संक्रमितों की संख्या के लिहाज से राजस्थान देश में दूसरे नंबर पर है, जबकि 18 मामलों के साथ महाराष्ट्र नंबर वन पोजिशन पर बना हुआ है। देश में कोरोना का यह नया वैरिएंट केंद्र शासित चंडीगढ़ के अलावा सात राज्यों में फैल चुका है। नए आंकड़ों के साथ ही देश में ओमिक्रॉन के संक्रमितों की संख्या बढ़कर 42 हो चुकी है।
जयपुर के सीएमएचओ नरोत्तम शर्मा ने बताया कि एक ही परिवार के चार सदस्यों को कोरोना के नए वैरिएंट से संक्रमित पाया गया है। आदर्श नगर जनता कालोनी में रहने वाले इस परिवार के सदस्यों की दक्षिण अफ्रीका से लौटने के बाद जांच की गई थी। परिवार के अन्य सदस्य भी संक्रमित यात्रियों के संपर्क में आए थे। पहले पांच लोग ओमिक्रॉन से संक्रमित पाए गए थे। अब बाकी चार लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई है। समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक जयपुर में पिछले कुछ दिनों में विदेश से लौटे लोगों की जीनोम जांच की रिपोर्ट आनी बाकी है। इसमें यूक्रेन से लौटे चार लोग, जर्मनी से लौटे एक परिवार के चार सदस्य और अमेरिका से लौटे दो व्यक्ति शामिल हैं। इन लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। अब तक राजस्थान और महाराष्ट्र के अलावा गुजरात और कर्नाटक में तीन-तीन, दिल्ली में दो, चंडीगढ़, केरल और आंध्र प्रदेश में ओमिक्रॉन के एक-एक मरीज मिले हैं।
रविवार को केरल, आंध्र प्रदेश और चंडीगढ़ में इस नए वैरिएंट के पहले मामले सामने आए, जबकि महाराष्ट्र और कर्नाटक में भी एक-एक और केस पाए गए। ये सभी पांच मरीज हाल ही में विदेश से लौटे थे। कोरोना के इस नए वैरिएंट को लेकर राज्यों की ओर से खास सतर्कता बरती जा रही है। केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में रविवार को अनिवार्य टीकाकरण प्रभावी हो गया है। अब हर समय लोगों को टीकाकरण का प्रमाणपत्र साथ रखना होगा। इसके नहीं मिलने पर लोगों को दंडित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *