जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दीपावली के बाद पहाड़ से मैदान की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या में इजाफा हो गया है। बुधवार को कोटद्वार बस अड्डे में दिल्ली, देहरादून सहित अन्य मैदानी इलाकों में जाने वाले यात्रियों की भीड़ उमड़ी हुई थी। पहाड़ से वाहन भर-भरकर कोटद्वार स्टेशन में पहुंच रहे थे। यहां से रूटों के लिए परिवहन निगम की ओर से अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया।
दीपावली के अवकाश पर बड़ी संख्या में लोग अपने घर आए हुए थे। कुछ दिन पूर्व तक मैदान से पहाड़ जाने वाले यात्रियों की संख्या में इजाफा था। लेकिन, अब यही प्रवासी वापस मैदान की ओर लौटने लगे हैं। बुधवार को कोटद्वार से दिल्ली, देहरादून, गुरुग्राम सहित अन्य क्षेत्रों को जाने के लिए यात्रियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। अड्डे से सड़क पर आते ही वाहनों की सीट फुल हो जा रही थी। यहां तक की कई यात्री खिड़की के रास्ते सामान डालकर सीट घेरने का भी प्रयास करते हुए नजर आए। सबसे अधिक परेशानी परिवार के साथ सफर करने वाले लोगों को उठानी पड़ी। कई लोगों को निजी वाहन बुक कर आवागमन करना पड़ा। हालांकि, मैदान के लिए कई रूटों पर उत्तर प्रदेश की बसों का संचालन होने से यात्रियों को काफी राहत मिली। देहरादून के लिए भी काफी भीड़ देखने को मिली। देहरादून के लिए भीड़ को देख मैक्स वाहन चालकों के चेहरे खिल गए थे।